Durg Crime News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 13 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव में गोवर्धन पूजा के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तीन युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उनमें से एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गांव में देर रात रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम चल रहा था।
इसी दौरान तीनों युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह गैंगरेप का मामला नहीं है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक ही युवक पर है, जबकि उसके साथ गए अन्य दो युवकों की भूमिका की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव से चले गए थे तीनों युवक
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद तीनों युवक गांव से चले गए थे। इनमें से एक आरोपी अपने रिश्तेदार के घर जाकर सो गया था। पुलिस ने दबिश देकर उसे वहीं से हिरासत में लिया। इसके बाद बाकी दोनों युवकों को भी पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस तीनों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। मामले की जांच के सिलसिले में आरोपियों के परिजनों को भी थाने बुलाया गया है।
नाबालिग के बयान के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच
पुलिस नाबालिग का बयान दर्ज कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले अन्य दोनों युवकों की इस घटना में क्या भूमिका थी और क्या उन्होंने भी उसके साथ कोई गलत हरकत की थी। पुलिस का कहना है कि अभी तक दुष्कर्म का आरोप एक ही युवक पर सामने आया है। बाकी दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है। नाबालिग और शिकायतकर्ता के बयान के साथ जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।ASP बोले- गैंगरेप का मामला नहीं
एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह गैंगरेप का प्रकरण नहीं है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक युवक पर है। उसके साथ मौजूद अन्य दो युवकों को भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा। उनके खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।












