Crime News: जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जल्दी अमीर बनने की चाह में एक युवक ने अपने ही चार साल के ममेरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि युवक ने बच्चे के शरीर से किडनी, दोनों आंखें और फेफड़े निकाल लिए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले तीन साल से इंटरनेट पर कम समय में अमीर बनने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसकी नजर बच्चों के अंगों की कीमत से जुड़ी जानकारियों पर पड़ी।
हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी एआई से भी बातचीत करता था। पुलिस के मुताबिक, वह एआई से मिलने वाले जवाबों को इस तरह समझ बैठा कि उसे लगा कोई ग्राहक उससे संपर्क कर बच्चे के अंग खरीदेगा। इसी गलतफहमी और लालच के चलते उसने इतनी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मक्का के खेत के पास पानी भरे गड्ढे में मिला मासूम का शव
घटना 7 नवंबर की शाम की है। सन्ना थाना क्षेत्र के आमटचुआ गांव के पास मक्का की बाड़ी में एक पेड़ के नीचे पानी से भरे गड्ढे में बच्चे का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इसी बीच पुलिस को पता चला कि महुआ लाढेनापारा निवासी अभिजीत राम कोरवा ने उसी दिन अपने चार वर्षीय बेटे जितेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्चा 5 नवंबर से लापता था। दपुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान बच्चे के शरीर पर गंभीर चोटों और काटे जाने के निशान मिले। उसकी दोनों आंखें, किडनी और फेफड़े गायब थे। पिता ने पुलिस को बताया कि बच्चे को आखिरी बार अपने भतीजे वासुदेव राम उर्फ टंगनू के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने 27 वर्षीय वासुदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में हत्या से जुड़ी कई अहम बातें सामने आईं।
चौथी तक पढ़ा आरोपी, तीन साल से तलाश रहा था अमीर बनने का रास्ता
पुलिस के अनुसार, आरोपी वासुदेव राम पहाड़ी कोरवा समुदाय से है और केवल चौथी कक्षा तक पढ़ा है। वह मजदूरी करके अपना गुजारा करता था, लेकिन कमाई से संतुष्ट नहीं था। ज्यादा पैसा कमाने की चाह में वह पिछले करीब तीन साल से मोबाइल पर यूट्यूब, गूगल और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जल्दी अमीर बनने के तरीके खोज रहा था। इसी दौरान उसे बच्चों के अंगों की खरीद-बिक्री और उनसे करोड़ों रुपये मिलने जैसी जानकारी मिली। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इन जानकारियों को सच मान लिया और इसी आधार पर बच्चे की हत्या की योजना बनाई।यूट्यूब देखकर शरीर पर लगाया चीरा
जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर बच्चे के शरीर पर चाकू से चीरा लगाया था। इसके बाद उसने शरीर से अंग निकालने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर किए गए कट और अंगों के गायब होने की स्थिति को देखते हुए इस पहलू की भी जांच की जा रही है। बच्चे के शरीर से मिले अवशेषों और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा गया है, ताकि मौत और शरीर पर किए गए कृत्यों से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि हो सके।
पहले शराब पिलाई, फिर बच्चे को जंगल ले गया आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बच्चे के पिता अभिजीत राम करीब एक साल पहले पत्नी और बेटे के साथ आमटचुआ नदी डैम के पास एक बाड़ी में झोपड़ी बनाकर रहने लगे थे। वहां वह खेतों में मजदूरी करते थे। बताया गया कि घटना वाले दिन सुबह करीब 9 बजे आरोपी वासुदेव झोपड़ी पहुंचा। इस दौरान परिवार और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने शराब पी। बाद में आरोपी बाहर खेल रहे जितेंद्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्चे को डैम और जंगल की ओर घुमाने ले गया। रास्ते में उसने मुर्गा बनवाया और बच्चे को खाना खिलाया। इसके बाद उसे शराब भी पिलाई गई। जब बच्चा नशे की हालत में सो गया, तब आरोपी ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर को काटकर किडनी, दोनों आंखें और फेफड़े निकाल लिए। इन अंगों को उसने एक बाल्टी में रखा और शव के बाकी हिस्से को बोरे में भरकर पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया।एसएसपी बोले- सभी पहलुओं से की जा रही जांच
जशपुर के एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्चे के अवशेषों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इंटरनेट पर मिली जानकारी के आधार पर ही इस वारदात को अंजाम दिया या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।












