Murder Case: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक मासूम बच्चे की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी जितेंद्र राम का शव 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे से बरामद किया गया। बच्चे का शव बोरी, कंबल और में लपेटकर छिपाया गया था। मामले में शरीर से आंखें और किडनी गायब होने के दावे भी किए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इनकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के पिता के ममेरे भाई वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दो दिन से लापता था बच्चा, तलाश के दौरान मिली शव की सूचना
दो दिन से लापता था बच्चा तलाश के दौरान मिली शव
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में बने गड्ढे में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव की पहचान लापता जितेंद्र राम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मौके पर बच्चे का शव बोरी कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि बच्चे की हत्या करीब दो दिन पहले की गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ताकि मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
आंखें और किडनी गायब होने के दावे से बढ़ी गंभीरता
इस मामले में बच्चे के शरीर से आंखें और किडनी गायब होने की बात भी सामने आई है। इस दावे के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटनास्थल पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर बारीकी से जांच की। शरीर की स्थिति और अंगों से जुड़े सवालों पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इन दावों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
पिता का ममेरा भाई हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। वह गोरियापाठ चलनी का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में सामने आया है कि वासुदेव और मृतक के पिता रामजीत राम आपस में ममेरे भाई हैं। फिलहाल पुलिस संदेही से घटना के दिन की गतिविधियों, बच्चे के लापता होने और हत्या के संभावित कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, मामले में उसकी भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
हत्या की वजह अब भी अनसुलझी, कई पहलुओं पर जांच जारी
सन्ना पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 137(1)(ख) और 238(क) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में आगे की जांच के बाद ही हत्या की परिस्थितियों और अन्य संदिग्ध पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।












