Online Betting: किराए के कमरे में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा, 4 युवकों पकड़ाए
Online Betting: भिलाई के खुर्सीपार में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़ कर चार युवकों को गिरफ्तार किया। मौके से 17 मोबाइल, 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये जब्त किए गए।
Online Betting: भिलाई के खुर्सीपार ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक किराए के कमरे में छिपकर लैपटॉप और स्मार्टफोन के जरिए बड़े पैमाने पर
ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कैश और बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं।
छावनी सीएसपी का खुलासा: मुखबिर की सूचना पर रेड
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 7 नवंबर को पुलिस को पुख्ता मुखबिर सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड और टाटा सर्विस सेंटर के पास बने एक कमरे में अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। इस इनपुट के आधार पर खुर्सीपार पुलिस की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए बताए गए ठिकाने पर घेराबंदी की और
अचानक छापा मार दिया। पुलिस को देखते ही अंदर हड़कंप मच गया, लेकिन सतर्क टीम ने मौके से ही सट्टा चला रहे चारों युवकों को दबोच लिया।
'रेड्डी अन्ना 108' ऐप के जरिए खेल रहे थे दांव
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी 'रेड्डी अन्ना 108' नामक ऑनलाइन सट्टा ऐप और उसके डिजिटल पैनल के जरिए अवैध कारोबार चला रहे थे। जांच में सामने आया कि सट्टे के पैसों के लेन-देन के लिए वे सीधे अपने खातों का इस्तेमाल करने से बचते थे। इसके लिए वे अन्य स्थानीय लोगों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड्स का जुगाड़ करते थे। बदले में उन खाताधारकों को मोटा कमीशन या पहले से तय रकम दी जाती थी, ताकि पुलिस और बैंकिंग सिस्टम की नजरों से बचा जा सके।
पकड़े गए आरोपियों के नाम और उम्र
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी भिलाई के खुर्सीपार इलाके के ही रहने वाले हैं। इनकी उम्र 19 से 24 वर्ष के बीच है:
अमित तिवारी (21 वर्ष), निवासी सेक्टर-11, जोन-2 खुर्सीपार
विकास कुमार साहू (24 वर्ष), निवासी मछली मार्केट, जोन-2 खुर्सीपार
शुभम कुमार पाल (21 वर्ष), निवासी सेक्टर-11, जोन-2 खुर्सीपार
यशमीत सिंह (19 वर्ष), निवासी जोन-3, मस्जिद के पास खुर्सीपार
भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामान जब्त किया है:
आगे की कार्रवाई और नेटवर्क की तलाश
खुर्सीपार थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 और 8 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस काले कारोबार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। जिन-जिन लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल पैसों के ट्रांजैक्शन के लिए किया गया है, पुलिस उन खाताधारकों से भी पूछताछ करने की तैयारी में है। इस पूरे सिंडिकेट के सरगना तक पहुंचने के लिए पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है।