Road Accident: हाईवा से टकराई बाइक, माता-पिता और बेटे की मौत, कछार में 2 बाइकों की भिड़ंत में 1 ने तोड़ा दम
Road Accident: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार शाम और रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। बगीचा के मैनी मोड़ पर हाईवा की टक्कर से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। वहीं, पत्थलगांव के कछार में दो बाइकों की भिड़ंत में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई।
Road Accident: जशपुर जिले में रविवार की शाम और रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी मोड़ पर हुई, जहां नाबालिग बेटे को बाइक की चाबी देना एक परिवार के लिए काल बन गया। वहीं दूसरी घटना पत्थलगांव के कछार में हुई, जहां दो
बाइकों की सीधी भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत
बगीचा थाना अंतर्गत मैनी गांव निवासी नईहर साय (45 वर्ष), अपनी पत्नी शांति बाई (40 वर्ष) और 17 वर्षीय नाबालिग बेटे बिशनंद के साथ किसी निजी काम से बगीचा गए हुए थे। रविवार की रात तीनों एक ही मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान गाड़ी नाबालिग बिशनंद चला रहा था। जब वे मैनी मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने अंबिकापुर की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने
मौके पर ही दम तोड़ दिया।टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार
हादसे के तुरंत बाद हाईवा चालक मौके से गाड़़ी लेकर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
एएसपी राकेश पाटनवार ने बताया:
"मैनी मोड़ के पास हाईवा की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
पत्थलगांव (कछार) हादसा: दो बाइकों में भिड़ंत, 18 वर्षीय युवक की मौत, तीन घायल
दूसरा हादसा पत्थलगांव थाना क्षेत्र के कछार के पास रविवार शाम करीब 6:30 बजे घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, काडरो निवासी शिवनंदन नाग (18 वर्ष) अपने भांजे के घर त्रिसोथ आया हुआ था। शाम को वह अपने एक रिश्तेदार की बाइक लेकर दोस्त के साथ लुड़ेग की ओर निकला था।
कछार के पास सामने से आ रही एक प्लेटिना बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मौके पर पहुंची आपातकालीन टीम ने सभी घायलों को तत्काल पत्थलगांव के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनंदन को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल तीन अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।