Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में मर्ग जांच के बाद पिथौरा पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और गैर इरादतन मौत की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर (वार्ड नंबर 01) निवासी मनोहर सिन्हा उर्फ डडसेना (65 वर्ष) पिता मंत्री सिन्हा 19 नवंबर 2026 को पिथौरा न्यायालय में पेशी के लिए गए थे। शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच जब वे साइकिल से अपने घर गोपालपुर लौट रहे थे, तभी NH-53 हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास रोड क्रॉस करते समय एक वाहन ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
अस्पताल से घर लाने के बाद तोड़ा दम
टक्कर से मनोहर को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों और मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पिथौरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल महासमुंद ले गए। बताया गया कि स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने पर परिजन उन्हें वापस गोपालपुर स्थित घर ले आए, जहां 20 नवंबर की रात करीब 12 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच के बाद अपराध कायम
घटना की सूचना 21 नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे मनीराम डडसेना (42 वर्ष), निवासी रावणभाठा पिथौरा ने गजेंद्र अग्रवाल (32 वर्ष) के साथ थाने पहुंचकर दी थी। इस आधार पर थाना पिथौरा में मर्ग क्रमांक 58/2026 (धारा 194 BNSS) कायम कर जांच शुरू की गई।
मर्ग जांच, परिजनों व गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह सामने आया कि आयशर वाहन (क्रमांक MH 26 CH 4277) के चालक ने वाहन को तेज, लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाते हुए साइकिल सवार को टक्कर मारी थी, जिससे लगी गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हुई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) तथा मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।











