Road Accident: रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम भरारी के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अंधेरे में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के पीछे लगा लोहे का एंगल तक मुड़ गया। मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब सात बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर रतनपुर से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे भरारी के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचे, सामने सड़क किनारे खड़ा ट्रक नजर आया। पुलिस के अनुसार, ट्रक खराब होने के कारण नेशनल हाईवे की टीम ने वहां बैरिकेडिंग करवाई थी और सुरक्षा के लिए एक कर्मचारी को भी तैनात किया गया था।
इसी बीच हाईवे से एक भारी वाहन गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में चलते वाहन और खड़े ट्रक के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी जल्दबाजी और रफ्तार के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
घायल की हुई पहचान, सिम्स रेफर
अस्पताल में घायल युवक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान मुंगेली जिले के ग्राम ढोटमा निवासी विकास साहू के रूप में हुई है। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि मृतक युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने संबंधित ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।











