Bilaspur News: शहर में युवतियों के बीच मारपीट के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक वीडियो बहतराई इलाके का बताया जा रहा है, जबकि दूसरा अशोक नगर स्थित अटल आवास का है। दोनों ही वीडियो में युवतियों के दो गुट आपस में भिड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
बहतराई में सड़क पर हुआ विवाद
वायरल वीडियो में बहतराई इलाके में कुछ युवतियां किसी बात को लेकर आपस में बहस करती नजर आ रही हैं। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती है, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ जाता है। इसके बाद गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो जाती है। युवतियां एक-दूसरे के बाल खींचती हैं और थप्पड़ व लात-घूंसे चलाती दिखाई देती हैं। सड़क पर हो रही इस घटना को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, वहीं कई लोग अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाते रहे।
अशोक नगर के अटल आवास में भी भिड़े दो गुट
मारपीट का दूसरा वीडियो अशोक नगर स्थित अटल आवास का बताया जा रहा है। यहां भी युवतियों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हाथापाई हुई। दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इनकी चर्चा हो रही है।
एक महीने पहले भी सामने आया था ऐसा मामला
बिलासपुर में युवतियों के बीच मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक महीने पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड पुल के पास भी दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उस समय आरोप लगा था कि मारपीट में शामिल एक युवती ने अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर वीडियो साझा करते हुए 'कैसा लगा' लिखा था। मामले के सामने आने के बाद मारपीट करने वाली तीन युवतियों ने माफी मांगी थी। पुलिस ने उन्हें थाने बुलाकर कान पकड़कर उठक-बैठक कराई और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की हिदायत दी थी।वायरल वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
ताजा घटनाओं को लेकर अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनास्थल और मारपीट में शामिल युवतियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में शिकायत मिलने और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।












