Raipur Crime News: होटल कारोबार से जुड़े दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि दंपती ने दूसरे व्यक्ति की जमीन को अपनी बताकर शराब कारोबारी आशीष जायसवाल से 36 लाख ले लिए। जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद जब कारोबारी ने रकम वापस मांगी तो उसे धमकियां दी गईं। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन और रेस्टोरेंट बेचने का दिया था प्रस्ताव
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के मुताबिक परिचित जगदीश जायसवाल के माध्यम से उसकी मुलाकात दीपक टंडन और बरखा टंडन से हुई थी। जगदीश ने उन्हें करीब 1600 वर्गफुट की एक जमीन के बारे में बताया था। इस जमीन पर फिलहाल एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट संचालित होने की जानकारी दी गई थी। जमीन के साथ रेस्टोरेंट को भी बिक्री के लिए उपलब्ध बताया गया।
इस सौदे में दिलचस्पी दिखाते हुए आशीष जायसवाल और उसके एक दोस्त ने दीपक टंडन व बरखा टंडन के बैंक खातों में रकम भेजनी शुरू की। शिकायत के अनुसार, शुरुआत में एक लाख रुपए टोकन मनी के रूप में दिए गए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में 25 लाख और फिर तीन लाख व दो लाख रुपए मिलाकर कुल 30 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा होटल पहुंचकर पांच लाख रुपये नकद भी दिए गए। इस तरह कुल भुगतान 36 लाख तक पहुंच गया।
जमीन की असलियत सामने आने पर हुआ खुलासा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने के बाद जब जमीन के स्वामित्व से जुड़ी जानकारी जुटाई गई, तब पता चला कि संबंधित जमीन दीपक टंडन और बरखा टंडन के नाम पर दर्ज नहीं है। इसके बाद आशीष जायसवाल को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर दंपती ने उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाकर उसका जीवन बर्बाद करने की धमकी भी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।दीपक बिलासपुर पुलिस की रिमांड पर, पत्नी हिरासत में
मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दीपक टंडन से बिलासपुर पुलिस रिमांड पर पूछताछ कर रही है उसकी पत्नी के खिलाफ इससे पहले भी FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अब 36 लाख से जुड़े इस नए मामले के बाद दंपती के खिलाफ ठगी के अन्य पीड़ितों के भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों में हुए ट्रांजैक्शन और जमीन के स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद ही पूरे सौदे और धोखाधड़ी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











