Goods Transport Fraud: दुर्ग की मनोरमा इंडस्टरीज से पंजाब के भटिंडा भेजी जा रही 35.222 टन साल बीज की खली तय ठिकाने तक नहीं पहुंचने के मामले में पुलिस ने फरार ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवनीश दुबे को 15 अक्टूबर को रायपुर के टाटीबंध इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस पहले ही ट्रक और उसमें लदा माल बरामद कर चुकी है। वहीं, ट्रक चालक जयप्रकाश की तलाश अब भी जारी है।
एडवांस भुगतान के बाद भी नहीं पहुंचा माल
पुलिस के अनुसार, भिलाई के करंजा स्थित मनोरमा इंडस्टरीज से पंजाब के भटिंडा तक साल बीज की खली पहुंचाने के लिए यूटीएस ट्रांसपोर्ट के साथ सौदा तय हुआ था। माल के परिवहन के लिए कुल 1 लाख 39 हजार 471 रुपए में समझौता हुआ था। इसमें से ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे को 1 लाख 9 हजार 471 रुपए एडवांस के तौर पर दिए गए थे। आरोप है कि भुगतान मिलने के बावजूद माल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद कंपनी के मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने 19 मार्च 2026 को जेवरा सिरसा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे, ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित और चालक जयप्रकाश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ट्रक समेत 35.222 टन माल बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित से मामले में इस्तेमाल किया गया ट्रक क्रमांक MP 16 H 5792 बरामद किया। ट्रक में 35.222 टन साल बीज की खली लदी हुई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इधर, मामले में फरार चल रहे ट्रांसपोर्टर की तलाश जारी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर 15 अक्टूबर को रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र से अवनीश दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उसे दुर्ग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। ट्रांसपोर्टर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस फरार ट्रक चालक जयप्रकाश की तलाश कर रही है। चालक के पकड़े जाने के बाद माल को गंतव्य तक नहीं पहुंचाने से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी मिलने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।







