Cyber Fraud Case: साइबर अपराधियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर दंतेवाड़ा पुलिस ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। गीदम थाना क्षेत्र में हुई 61 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस की विशेष टीम ने राजस्थान से एक और शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी साइबर ठगी के जरिए जुटाए गए पैसों के लेन-देन और उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर ठिकाने लगाने का काम करता था। इस बड़े फर्जीवाड़े में पुलिस अब तक कुल 19 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
क्रिप्टोकरेंसी के जरिए मिटा रहे थे सबूत
पुलिस जांच में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी बेहद शातिराना अंदाज में दूसरों के बैंक खातों को किराए पर लेते थे और ठगी की रकम को उन्हीं खातों में ट्रांसफर करवाते थे। इसके बाद पैसों के असली स्रोत (सोर्स) को छुपाने और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उस पूरी रकम को क्रिप्टोकरेंसी में तब्दील कर दिया जाता था।
राजस्थान के फलोदी से पकड़ा गया दिनेश
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी दिनेश (31 वर्ष) राजस्थान के फलोदी जिले के भोजासर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गीदम थाना क्षेत्र के हारमपारा निवासी भूपेंद्र तेलामी (44) की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 27/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 111(1)(3) और IT एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया था।साइबर फॉरेंसिक और डिजिटल ट्रेल से खुला राज
61 लाख 6 हजार 592 रुपये की इस बड़ी धोखाधड़ी को सुलझाने के लिए पुलिस ने फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और आधुनिक साइबर फॉरेंसिक टूल्स का सहारा लिया। बैंक खातों और डिजिटल पैसों के फ्लो की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम राजस्थान में दिनेश तक पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दबोचा और ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लेकर आई। 30 सितंबर को उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे दंतेवाड़ा जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई जारी रहेगी: SDOP
मामले की जानकारी देते हुए SDOP आकांक्षा पांडेय ने बताया कि इस साइबर फ्रॉड गिरोह के तार काफी गहरे जुड़े हुए हैं। पुलिस टीम लगातार डिजिटल फॉरेंसिक और तकनीकी इनपुट्स पर काम कर रही है। अब तक मामले से जुड़े 19 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।

