Bank Account Scam: दुर्ग में साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन लेकर अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को मुहैया कराते थे। इतना ही नहीं, ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड भी उपलब्ध कराए जाते थे।पुलिस की जांच में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के संदिग्ध खातों के जरिए साइबर ठगी की लाखों रुपए से अधिक की रकम का लेन-देन सामने आया है।
मामले में सुपेला थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
ठगी की रकम इधर से उधर पहुंचाने में इस्तेमाल होते थे बैंक खाते
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेश में साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1324/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के कुछ संदिग्ध खातों की जानकारी सामने आई। पुलिस ने जब इन खातों के लेन-देन का विश्लेषण किया तो पता चला कि इनका इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को प्राप्त करने और फिर अलग-अलग बैंक खातों में भेजने के लिए किया जा रहा था। बैंकिंग रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खाताधारकों तक पहुंच बनाई।
5 से 15 हजार रुपए तक लेते थे कमीशन
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पैसों के लालच में खुद के अलावा दूसरे लोगों के बैंक खाते भी एजेंटों के जरिए हासिल करते थे। इसके बाद इन खातों से जुड़े जरूरी दस्तावेज और बैंकिंग सुविधाएं साइबर ठगों को सौंप दी जाती थीं। इसमें बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड शामिल थे। इनका इस्तेमाल ठगी से प्राप्त रकम को खातों में मंगाने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। बदले में आरोपियों को 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन या अन्य आर्थिक लाभ मिलता था। पुलिस की शुरुआती जांच में संबंधित खातों के माध्यम से लाखों रुपए से अधिक के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है।
पुलिस ने इन तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कांति प्रसाद पारधी (33), निवासी शुभम कॉलोनी, आर्य नगर, कोहका, थाना सुपेला; वसीम खान (30), निवासी शर्मा कॉलोनी, करुणा हॉस्पिटल के पास, नंदिनी रोड, थाना छावनी; और पोषण निषाद (27), निवासी ग्राम अंजोरा, जिला दुर्ग शामिल हैं। पोषण निषाद वर्तमान में ग्राम रसमड़ा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने 28 नवंबर को बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों के खिलाफ कार्रवाई की। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।एजेंटों और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच की जा रही है कि आरोपियों ने कितने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए और ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी गई। इसके साथ ही खाते उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस मामले में सुपेला थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम आगे की विवेचना कर रही है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।












