Maoist Dump Recovery: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भैरमगढ़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के किनारे जंगल में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादी डंप बरामद किया गया है। इसमें करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए कीमत के सोने के बिस्किट और 24 लाख रुपए से अधिक की नकदी मिली है।
जमीन के नीचे स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा था सोना
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। सुरक्षाबलों को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास जंगल में एक संदिग्ध स्थान की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने इलाके में सर्चिंग शुरू की। बीडीएस की टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई के दौरान जमीन में दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा खोज निकाला।
33 सोने के बिस्किट और 24.22 लाख रुपए नकद बरामद
डिब्बे की जांच करने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले। पुलिस के अनुसार, प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला था। इस तरह कुल 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500 रुपए के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद भी मिले। पुलिस अब इस बरामदगी को माओवादी नेटवर्क के आर्थिक संसाधनों के लिहाज से अहम मान रही है।अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ रुपए नकद बरामद
पुलिस के मुताबिक, बीजापुर जिले में माओवादी डंप के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपए नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। इस ताजा कार्रवाई को माओवादी संगठनों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बरामद सोने और नकदी के स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।












