School News: एक शिकायत ने खोली छात्रावास की ऐसी पोल, वायरल वीडियो के बाद प्राचार्य पर गिरी गाज!
School News: मल्हाराश्रम स्कूल के प्राचार्य देवेंद्र रामिश पर छात्रों को इंटरनल परीक्षा में फेल करने की धमकी देने का आरोप लगा है। छात्रावास की बदहाल व्यवस्था और छात्र की सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद मामला सामने आया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा है। प्रशासनिक निरीक्षण में छात्रावास और मेस में कई खामियां भी मिलीं।
School News: छात्रों को परीक्षा में फेल करने की धमकी देना मल्हाराश्रम स्कूल के प्राचार्य देवेंद्र रामिश को भारी पड़ गया है। शनिवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है और
प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेज दिया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
पूरा मामला स्कूल परिसर में स्थित 'इलेवंथ हाउस' छात्रावास की बदहाली से जुड़ा है। यहां रहने वाले 11वीं कक्षा के छात्र मिथुन कलोरिया ने छात्रावास में खराब पंखे, पानी की किल्लत और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। जब इस शिकायत की भनक प्राचार्य देवेंद्र रामिश को लगी, तो वे भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने छात्रों को बुलाकर फटकार लगाई और इंटरनल
परीक्षा में शून्य अंक देकर फेल करने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
मजबूरी में उठाना पड़ा सीएम हेल्पलाइन का सहारा
शिकायतकर्ता छात्र मिथुन कलोरिया का कहना है कि उसने सीएम हेल्पलाइन पर जाने से पहले कई बार स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य के सामने अपनी समस्याएं रखी थीं। दो दिन पहले ही कमरे का पंखा खराब होने की जानकारी दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। छात्र ने मेस के खाने की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि कई बार खाने में कीड़े तक निकल चुके हैं। जब कहीं से कोई मदद नहीं मिली, तो मजबूर होकर उसे सीएम हेल्पलाइन का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
अधिकारियों के निरीक्षण में खुली व्यवस्थाओं की पोल
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) शौर्य मल्होत्रा ने मौके पर पहुंचकर छात्रावास और मेस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों को वहां भारी अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं:
पानी और सफाई का संकट: छात्रावास में आरओ प्लांट तो लगा है, लेकिन उसमें पानी की सप्लाई बंद है। आसपास के शौचालयों में इतनी गंदगी है कि कमरों तक बदबू फैल रही है।
जर्जर इमारत और बुनियादी कमी: छात्रों के रहने वाले कमरों की दीवारें जर्जर हो चुकी हैं, कई जगह पीपल और बरगद के पेड़ों की जड़ें दीवारों के भीतर तक उतर आई हैं। कई पंखे बंद पड़े हैं और खिड़कियों में जाली न होने से छात्र रातभर मच्छरों से परेशान रहते हैं।
ठंडे पानी से नहाने की मजबूरी: छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि छात्रावास का गीजर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे सर्दी के मौसम में भी उन्हें ठंडे पानी से नहाना पड़ रहा है।
मेस में गंदगी: निरीक्षण के दौरान अधिकारी मेस की सफाई और खाने की गुणवत्ता से भी असंतुष्ट नजर आए।
रैगिंग के आरोप भी लगे
जांच के दौरान छात्र ने एक और गंभीर मुद्दा उठाया। उसका आरोप है कि डे-स्कॉलर छात्र बाहर से लड़कों को बुलाकर छात्रावास के बच्चों की रैगिंग करते हैं। हालांकि, प्राचार्य ने रैगिंग के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।