Cultural Program: मुंगेली व्यापार मेला के दूसरे दिन रंगोली प्रतियोगिता, स्कूली बच्चों की समूह नृत्य प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ी लोककला ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। दिनभर चली सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, लोककला मंच ‘सोनहा माटी’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति से रूबरू कराया। कार्यक्रम की शुरुआत मां वीणापाणी, भगवान गणेश और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान वरिष्ठ जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार मेला अब मुंगेली के प्रमुख आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने आयोजक संस्था स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी प्रशंसा की।
रंगोली में 52 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
दिवाली स्पेशल रंगोली प्रतियोगिता में 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आकर्षक रंगों और अलग-अलग डिजाइनों से सजी रंगोलियों ने लोगों का ध्यान खींचा। प्रतियोगिता में समीर मिरी ने प्रथम, आंचल देवांगन ने द्वितीय और अदिति शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
स्कूलों के बच्चों ने दी शानदार नृत्य प्रस्तुतिं
शाम को आयोजित जूनियर समूह नृत्य प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने धार्मिक गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसमें माईंड साइन पब्लिक स्कूल ने पहला, अल्फा पब्लिक स्कूल ने दूसरा और एसएलएस पब्लिक स्कूल मुंगेली ने तीसरा स्थान हासिल किया।‘सोनहा माटी’ ने बिखेरी लोकसंस्कृति की छटा
रात में भूपेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में लोककला मंच ‘सोनहा माटी’ की टीम ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी। लोकधुनों पर देर रात तक दर्शक झूमते नजर आए। आज केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे शामिल व्यापार मेला के तीसरे दिन केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 38 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। वहीं, शाम 5 बजे महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के बीच सीनियर समूह नृत्य प्रतियोगिता होगी।











