Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार, 29 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खरसिया के रानीसागर इलाके में तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती उछलकर सड़क पर जा गिरी। गंभीर चोटें लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवती की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क के बीच बाइक खड़ी कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद मौके से फरार हुआ ट्रेलर चालक
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कूटी को टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने और चक्काजाम खत्म कराने का प्रयास किया।
शव उठाने से ग्रामीणों ने किया इनकार
हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने युवती का शव मौके से उठाने से मना कर दिया और अपनी नाराजगी जताते हुए चक्काजाम जारी रखा। पुलिस लगातार लोगों को समझाने में जुटी है। चक्काजाम के चलते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य होने पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











