Train Incident: दुर्ग जिले में चलती ट्रेन से मोबाइल छीनने की कोशिश एक यात्री की जान जाने की वजह बन गई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में इंटरसिटी एक्सप्रेस से सफर कर रहा 25 वर्षीय युवक ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की जांच में इस घटना में दो नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है, जिन्हें अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 27 नवंबर की सुबह करीब 11:45 बजे ट्रेन नंबर 12856 इंटरसिटी एक्सप्रेस में हुई।
ट्रेन जब शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास से गुजर रही थी, उस दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े दो बालकों ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की। यात्री ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि एक बालक ने उसे थप्पड़ मार दिया, जबकि दूसरे ने डंडे से हमला किया। इसी दौरान हुई छीना-झपटी में यात्री मोबाइल समेत चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद घायल यात्री को तत्काल सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू (25) के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के अमरावती जिले के अंजनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजी का निवासी था।
ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को बनाते थे निशाना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों में बैठे यात्रियों को निशाना बनाते थे। खासकर खिड़की के पास बैठे लोगों के मोबाइल छीनने की कोशिश की जाती थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जांच और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर दोनों नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। किशोर न्याय से जुड़े नियमों के तहत उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 0542/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 309(4), 309(6) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।











