Property Fraud: दुर्ग जिले में जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम अरसी में एक ही जमीन को अलग-अलग लोगों को बेचने और कई लोगों के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी जारी करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने ग्राम अरसी निवासी 36 वर्षीय दीपक देशलहरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जमीन के दस्तावेजों में बदलाव कर अलग-अलग ऋण पुस्तिकाएं तैयार करता था। इसके बाद एक ही जमीन के लिए अलग-अलग लोगों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाता था।
3 लाख रुपए में हुआ था जमीन का सौदा
मामले के शिकायतकर्ता दीपक मदान ने खसरा नंबर 1051 और 1086 की जमीन खरीदने के लिए दीपक देशलहरे से सौदा किया था। दोनों खसरों का रकबा 0.16-0.16 हेक्टेयर था। इस तरह कुल 0.32 हेक्टेयर जमीन की कीमत 3 लाख रुपए तय हुई थी। शिकायतकर्ता ने यह रकम ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, बैंक खाते और नकद के माध्यम से आरोपी को दी थी। हालांकि, पैसे लेने के बाद भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई। आरोपी दस्तावेजों में गड़बड़ी बताकर उन्हें ठीक कराने और जल्द रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देता रहा। इसी दौरान उसने शिकायतकर्ता को जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी भी दी थी, जिसके आधार पर शिकायतकर्ता अपने या किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा सकता था।
11 महीने बाद सामने आया जमीन का दूसरा सौदा
जमीन खरीदने के करीब 11 महीने बाद शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि आरोपी ने उसी जमीन के लिए अन्य लोगों को भी पावर ऑफ अटॉर्नी जारी की है। इतना ही नहीं, दूसरे खरीदारों के नाम रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी कराई गई थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने तहसील कार्यालय से जमीन के संबंध में जानकारी जुटाई। नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान कई लोगों ने इस जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इससे एक ही जमीन को लेकर कई दावेदार सामने आ गए।
अलग-अलग ऋण पुस्तिकाओं के जरिए करते थे धोखाधड़ी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी एक ही जमीन के अलग-अलग दस्तावेज तैयार कर कई लोगों के साथ सौदे करता था। दस्तावेजों में सुधार और रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर लोगों से पैसे लिए जाते थे। इसके बाद उसी जमीन के लिए दूसरे लोगों को भी पावर ऑफ अटॉर्नी जारी कर दी जाती थी। इस तरीके से एक ही जमीन पर कई लोगों के दावे बन रहे थे और खरीदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर बोरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) में मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान आरोपी के फरार होने पर पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, तलाश के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक देशलहरे (36), निवासी ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।












