Land Fraud: जिले के दरिमा तहसील अंतर्गत ग्राम दरिमा में सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर उसे निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज करने का मामला सामने आया है। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद कलेक्टर अजीत वसंत ने तत्कालीन पटवारी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही विवादित जमीन की रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और राजस्व अभिलेखों से अवैध प्रविष्टि हटाने की कार्रवाई करने को भी कहा गया है। मामला खसरा नंबर 1322 और उससे संबंधित खसरा नंबर 1322.2 की जमीन का है।
तहसीलदार दरिमा की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 1968-69 में सिंहदेव योजना के तहत ग्राम दरिमा की 2.76 एकड़ शासकीय भूमि का पट्टा चंदर पिता बजरंग पनिका को दिया गया था। वर्ष 2016-17 के राजस्व रिकॉर्ड में इस जमीन का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था। जांच के दौरान सामने आया कि बाद में कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में मूल खसरा नंबर 1322 को दो हिस्सों में दिखाते हुए खसरा नंबर 1322.1 का रकबा 1.117 हेक्टेयर और खसरा नंबर 1322.2 का रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया। खास बात यह है कि मूल जमीन के रकबे में कोई कमी किए बिना अतिरिक्त खसरा नंबर तैयार कर दिया गया।
बिना सक्षम आदेश के निजी व्यक्ति के नाम दर्ज हुई जमीन
जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि नए खसरा नंबर 1322.2 को बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम दर्ज किया गया था। राजस्व रिकॉर्ड के कैफियत कॉलम नंबर 12 में हस्तलिखित खसरा लुप्त होने का उल्लेख किया गया, लेकिन इस नई प्रविष्टि के लिए किसी सक्षम अधिकारी का आदेश या अनुमोदन रिकॉर्ड में नहीं मिला। प्रशासनिक जांच में इसी बिंदु को गंभीर अनियमितता माना गया है। रिपोर्ट के अनुसार, खसरा नंबर 1322.2 का कोई वैधानिक आधार नहीं मिला। ऐसे में राजस्व अभिलेखों में इस जमीन को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए हैं।
2023 में नामांतरण के बाद बेच दी गई जमीन
जांच में यह भी सामने आया कि 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी ने ऑनलाइन राजस्व दस्तावेजों में जमीन के नामांतरण से जुड़ी प्रविष्टि की थी। इसके बाद 11 सितंबर 2023 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के जरिए विवादित जमीन आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी और रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को बेच दी गई। प्रशासन का मानना है कि गलत तरीके से तैयार किए गए राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जमीन का विक्रय किया गया। कलेक्टर ने इस मामले में अवैध प्रविष्टि हटाने और रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
भाजपा नेता की शिकायत के बाद हुई जांच
इस मामले को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक दूबे ने 29 अप्रैल को सरगुजा कलेक्टर से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर तहसीलदार दरिमा से जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में राजस्व अभिलेखों में कूटरचना और जमीन के हस्तांतरण से जुड़ी अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
इन चार लोगों के खिलाफ FIR के निर्देश
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिन चार लोगों के खिलाफ संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं, उनमें शामिल हैं:
- बलिराम पिता रामप्रसाद – निवासी ग्राम खजुरी, तहसील दरिमा (विक्रेता)।
- आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी – निवासी जयनगर, सूरजपुर (क्रेता)।
- रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह – निवासी विश्रामपुर, सूरजपुर (क्रेता)।
- अनिरुद्ध कुमार पैकरा – ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी।
तहसीलदार दरिमा को FIR दर्ज कराने के बाद तत्काल पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और विवादित राजस्व प्रविष्टि विलोपित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया है।












