Investment Fraud: हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब का कारोबार शुरू करने के नाम पर बिलासपुर के कारोबारियों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि डायब्लो रेस्टोरेंट एवं पब और प्राशी वेंचर्स एलएलपी में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाकर दो कारोबारियों समेत तीन लोगों से कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपए निवेश कराए गए। हालांकि, रकम लेने के बाद न तो उन्हें कंपनी में साझेदार बनाया गया और न ही निवेश की राशि का कोई हिसाब दिया गया। मामले में तारबाहर पुलिस ने जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, लिंक रोड तारबाहर निवासी शिखर सराफ (38) ने अपने साथी रितेश शाह के साथ इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात शेषम कौर से हुई थी। इसी दौरान हैदराबाद में डायब्लो नाम से रेस्टोरेंट और पब का कारोबार शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया। बदले में कारोबार में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और मुनाफे में भागीदारी देने की बात कही गई।
3.42 करोड़ का निवेश, 25% हिस्सेदारी का वादा
आरोप है कि दोनों ने खुद को प्राशी वेंचर्स एलएलपी का अधिकृत प्रतिनिधि बताते हुए निवेश के लिए सहमति बनाई। इसके बाद 10 जनवरी 2025 को निवेश संबंधी एग्रीमेंट किया गया। समझौते में 3 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए के निवेश के बदले 25 प्रतिशत स्वामित्व और मुनाफे में हिस्सेदारी देने का उल्लेख था। शिकायत के मुताबिक, शिखर सराफ ने अलग-अलग किस्तों में 1 करोड़ 45 लाख रुपए और रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख रुपए जमा किए। वहीं, सक्षम श्रीवास्तव की ओर से 62 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान किया गया। इस तरह कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपए प्राशी वेंचर्स एलएलपी के हैदराबाद स्थित बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।न कंपनी में हिस्सेदारी मिली, न निवेश का हिसाब
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पूरी रकम जमा होने के बावजूद उन्हें कंपनी में औपचारिक रूप से साझेदार नहीं बनाया गया। बाद में उन्हें पता चला कि नए पार्टनर शामिल करने के लिए एलएलपी के अन्य साझेदारों की सहमति भी नहीं ली गई थी। इसी बीच पब का संचालन भी कुछ समय बाद बंद हो गया। कारोबारियों के मुताबिक, जब उन्होंने निवेश की रकम और कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन का हिसाब मांगा तो उन्हें लगातार टालने की कोशिश की गई। शिकायत में किराया बकाया रखने, वेंडरों का भुगतान नहीं करने और कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा निवेश की रकम को दूसरे कारोबार में इस्तेमाल किए जाने की आशंका भी जताई गई है।
बैंक खातों और लेन-देन की जांच की मांग
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से प्राशी वेंचर्स एलएलपी के बैंक खातों, क्यूआर कोड के जरिए हुए भुगतान और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे लेन-देन की पड़ताल कर निवेश की रकम वापस दिलाई जाए। फिलहाल तारबाहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वित्तीय लेन-देन और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












