Khatu Shyam Ji: बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर उमड़े लाखों श्रद्धालुओं के बीच खाटूश्यामजी मंदिर के मुख्य रास्ते पर स्थित एक होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि प्रशासन और दमकल विभाग की मुस्तैदी से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सिलेंडरों में धमाकों से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर के गेट के नजदीक बने इस होटल में पहले धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। इसी दौरान होटल के भीतर रखे दो दर्जन से ज्यादा गैस सिलेंडरों में से चार सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज से मौके पर मौजूद भीड़ में दहशत फैल गई। चूंकि जन्मोत्सव के कारण इलाके में पैर रखने तक की जगह नहीं थी, इसलिए स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी।
पाबंदी के बावजूद आतिशबाजी बनी वजह?
आग लगने के सटीक कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में आतिशबाजी को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जन्मोत्सव से पहले ही पूरे क्षेत्र में पटाखे चलाने पर सख्त पाबंदी लगा रखी थी। बावजूद इसके, कई जगहों पर जमकर आतिशबाजी हुई। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान किसी जलते हुए पटाखे की चिंगारी होटल तक पहुंची, जिसने विकराल रूप ले लिया।
रूट डायवर्ट कर संभाली भीड़
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन के आला अधिकारी और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने मंदिर के मुख्य निकास मार्ग (एग्जिट रूट) को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुचारू रूप से निकालने और जाम से बचाने के लिए गुवाड़ चौक की ओर से वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल का मुआयना कर आग लगने की असली वजहों की पड़ताल कर रही हैं।











