Paneer Seized: छत्तीसगढ़ के बाजारों में बाहर से पहुंचाई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। खैरागढ़ जिले में पुलिस ने मध्यप्रदेश से रायपुर ले जाए जा रहे करीब 1500 किलो पनीर की खेप पकड़ी है। जांच के दौरान पिकअप वाहन से 30 कार्टून पनीर बरामद हुए। खाद्य सुरक्षा विभाग को शुरुआती जांच में इसके एनालॉग पनीर होने की आशंका है। हालांकि, पनीर की वास्तविक गुणवत्ता का पता प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
चेकपोस्ट पर रोका गया संदिग्ध वाहन
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने स्थित चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप (MP 04 WC 8384) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक शिशुपाल ने पुलिस को बताया कि पिकअप में पनीर लदा हुआ है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर पहुंचाया जा रहा है। संदेह होने पर पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद वाहन को जिला मुख्यालय लाकर खाद्य सामग्री की जांच कराई गई।
30 कार्टून में मिला 1500 किलो पनीर
वाहन की जांच के दौरान 50-50 किलो के कुल 30 कार्टून बरामद किए गए। इस तरह पिकअप में लगभग 1500 किलो पनीर भरा हुआ था। चालक के मुताबिक, यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान तक पहुंचाई जानी थी। जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता प्रमाणित करने से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पनीर के नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की।
एनालॉग पनीर होने की आशंका लैब रिपोर्ट का इंतजार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे के मुताबिक, जांच के दौरान पनीर की गुणवत्ता से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। शुरुआती तौर पर यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारी के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त पनीर की वास्तविक गुणवत्ता क्या है और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बाजार में पहुंचने से पहले पकड़ी गई बड़ी खेप
करीब डेढ़ टन पनीर की इस खेप के पकड़े जाने के बाद खाद्य सामग्री की अंतरराज्यीय सप्लाई और उसकी गुणवत्ता की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जब्त पनीर सामान्य पनीर था या एनालॉग पनीर। अब सभी की नजर खाद्य विभाग की जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट से ही पनीर की गुणवत्ता और मामले में आगे होने वाली कार्रवाई की स्थिति साफ हो सकेगी।












