Rajnandgaon News: नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल का असर अब मेडिकल कॉलेज अस्पताल, एमसीएच पेंड्री की स्वास्थ्य सेवाओं पर साफ दिखाई देने लगा है। 535 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि नए मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जबकि वार्डों में पहले से भर्ती मरीजों को भी डिस्चार्ज किया जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी सर्जरी और प्रसव संबंधी मामलों में सामने आ रही है। अस्पताल में पहले से निर्धारित ऑपरेशन टाल दिए गए हैं। गर्भवती महिलाओं को भी दूसरे अस्पतालों में जाने की सलाह दी जा रही है।
नर्सिंग स्टाफ की कमी के चलते ऑपरेशन थिएटर का कामकाज बंद हो गया है। फिलहाल अस्पताल में आपातकालीन वार्ड और एनआईसीयू की सेवाएं ही संचालित की जा रही हैं। दरअसल, बुधवार से मेडिकल कॉलेज अस्पताल की 73 स्टाफ नर्स और 32 नर्सिंग सिस्टर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। अनुभवी नर्सिंग कर्मचारियों के काम बंद करने से अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा है। डॉक्टरों की मौजूदगी के बावजूद मरीजों की देखभाल और अस्पताल का संचालन चुनौतीपूर्ण हो गया है।
गर्भवती महिलाओं को भी दूसरे अस्पतालों में जाना पड़ा
हड़ताल के बीच प्रसव के लिए अस्पताल पहुंच रही महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामने आए दो मामलों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पहले मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया से एक मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया था। हालांकि, यहां उसे भर्ती नहीं किया जा सका। इसके बाद 17 नवंबर की शाम को मरीज को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। दूसरे मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव से एक हाई रिस्क गर्भवती महिला को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। परिजनों को उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया। प्रसव का समय नजदीक होने के कारण परिजन महिला को निजी अस्पताल लेकर चले गए।वैकल्पिक व्यवस्था से जारी है इलाज : अस्पताल प्रबंधन
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए सीएमएचओ और सिविल सर्जन से संपर्क किया गया है। नर्सिंग कॉलेज से भी सहयोग लिया जा रहा है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर के मुताबिक, अनुभवी नर्सिंग स्टाफ के हड़ताल पर जाने से व्यवस्था पर काफी असर पड़ा है। फिलहाल ऑपरेशन बंद हैं, लेकिन आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जारी हैं। प्रबंधन का दावा है कि मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।











