Forest Land Encroachment: जिले में वन भूमि पर अवैध कब्जा जमाए बैठे लोगों के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। इन दिनों चल रहे 'वन सुरक्षा पखवाड़े' के तहत बरगी वन परिक्षेत्र में विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 20 एकड़ कीमती वन भूमि को अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त कराया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
जबलपुर वनमंडल में 12 से 24 नवंबर तक वन सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्य वन संरक्षक मस्तराम बघेल, वनमंडल अधिकारी (DFO) पुनीत सोनकर और उपवनमंडल अधिकारी (SDO) आकाश साहू के निर्देश पर यह मुहिम चलाई गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) अपूर्व प्रखर शर्मा ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया और जमीन को अपने कब्जे में लिया।
पखवाड़े के बाद भी जारी रहेगी मुहिम
कार्रवाई के बाद रेंजर अपूर्व प्रखर शर्मा ने साफ संदेश दिया है कि जंगल की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान सिर्फ 24 नवंबर तक सीमित नहीं है, बल्कि पखवाड़ा खत्म होने के बाद भी लगातार जारी रहेगा। विभाग का मुख्य लक्ष्य बरगी परिक्षेत्र के सभी संरक्षित और अरक्षित वन क्षेत्रों को पूरी तरह कब्जा मुक्त बनाना है, ताकि वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों को बचाया जा सके।
टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में परिक्षेत्र सहायक नरेंद्र पटेल, बिहारी लाल सेन, सतीश रंगारी, वनपाल तुलसीराम ठाकुर, और वनरक्षक राकेश कार्पेटी व आशीष सुर्खिया समेत पूरे वन अमले का विशेष योगदान रहा। विभाग की इस सख्ती के बाद अब उन लोगों की नींद उड़ गई है, जिन्होंने जंगल की जमीन पर अवैध रूप से पैर पसार रखे हैं।











