Bulldozer Action: कृष्णबाग कॉलोनी के 45 अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, छावनी बना इलाका
Bulldozer Action: इंदौर के खजराना स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में हाई कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। विवादित जमीन पर बने 70 मकानों को हटाने की योजना थी, लेकिन कुछ रहवासियों को डबल बेंच से स्टे मिलने के बाद अब 45 मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान 7 एसडीएम समेत भारी प्रशासनिक अमला और पुलिस बल तैनात है। मकानों को ध्वस्त करने के बाद मलबा हटाकर जमीन श्रीराम बिल्डर्स को सौंपने की तैयारी है।
प्रकाशित: 23 Nov 2026, 09:38 AM· 3 मिनट पढ़ने का समय
इंदौर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Bulldozer Action: ग्राम खजराना की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह से ही भारी गहमागहमी का माहौल है। हाई कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कॉलोनी में बने अवैध निर्माणों को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सर्वे नंबर 66/2 (क) की विवादित जमीन पर बने मकानों को जमींदोज किया जा रहा है। शुरुआती योजना के तहत यहां कुल 70 मकानों को तोड़ा जाना था, लेकिन ऐन वक्त पर हाई कोर्ट की डबल बेंच से कुछ रहवासियों को राहत (स्टे) मिल गई। इसके बाद अब प्रशासन का बुलडोजर 45 मकानों पर चल रहा है।
सामान समेटते दिखे लोग, समझाइश के बाद खाली कराए घर
कार्रवाई की भनक लगते ही अधिकांश परिवारों ने अपना जरूरी सामान पहले ही समेट लिया था। सोमवार सुबह जेसीबी और पोकलेन मशीनें चलने से पहले निगम कर्मियों ने घरों के अंदर बचा हुआ सामान बाहर निकलवाया। सुरक्षा के लिहाज से हर घर की बारीकी से जांच की गई ताकि कोई अंदर न रह जाए। इस दौरान कुछ परिवार अपना आशियाना छोड़ने को तैयार नहीं थे, जिन्हें मौके पर मौजूद अधिकारियों ने समझाइश देकर बाहर निकाला।
एक दिन पहले लग गए थे लाल निशान
प्रशासन ने इस बड़ी कार्रवाई की पूरी पटकथा रविवार को ही तैयार कर ली थी। रविवार को जूनी इंदौर एसडीएम घनश्याम धनगर राजस्व अमले के साथ कॉलोनी पहुंचे थे। टीम ने चिन्हित मकानों पर निशान लगाए और लोगों को स्वतः ही घर खाली करने की चेतावनी दी थी।
पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई क्या है जमीन का पूरा विवाद?
यह पूरा मामला खजराना की 0.720 हेक्टेयर जमीन के मालिकाना हक से जुड़ा है। साल 2003 में श्रीराम बिल्डर्स ने यह जमीन खरीदी थी। बाद में इस पर अवैध रूप से कब्जा हो गया और नोटरी व अन्य माध्यमों से खरीद-बिक्री कर लोगों ने यहां मकान बना लिए। जमीन का यह विवाद तहसीलदार और एसडीएम कोर्ट से शुरू होकर राजस्व मंडल, हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक गया। सभी अदालतों ने इसे अतिक्रमण माना। हाल ही में हाई कोर्ट ने श्रीराम बिल्डर के पक्ष में फैसला सुनाते हुए प्रशासन को 30 दिन के भीतर जमीन खाली कराने के आदेश दिए थे।
कब्जा सौंपने से पहले हटेगा पूरा मलबा
प्रशासन की यह मुहिम सिर्फ मकान तोड़ने तक सीमित नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, ध्वस्तीकरण के बाद मौके से पूरा मलबा भी साफ किया जाएगा, ताकि जमीन का वास्तविक कब्जा श्रीराम बिल्डर को सौंपा जा सके। हालांकि, मलबे की मात्रा अधिक होने के कारण इसे पूरी तरह हटाने में एक से दो हफ्ते का समय लग सकता है। इससे पहले साल 2024 में भी प्रशासन ने यहां कार्रवाई करते हुए 8 से 10 मकान हटाए थे।
7 एसडीएम और भारी पुलिस बल की तैनाती
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने मौके पर भारी प्रशासनिक और पुलिस बल तैनात किया है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
मौके पर मोर्चा संभालने वाले प्रमुख अधिकारियों में शामिल हैं:
संयुक्त कलेक्टर: श्रुति अग्रवाल
डिप्टी कलेक्टर: अलका सिंह वामनकर और रुचि जाट
7 एसडीएम: घनश्याम धनगर, निधि वर्मा, रोशनी पाटीदार, लोकेंद्र सिंह सरल, दीपक चौहान, एचएस विश्वकर्मा और राहुल गुप्ता।
इनके अलावा बड़ी संख्या में तहसीलदार, नायब तहसीलदार और नगर निगम का रिमूवल अमला लगातार कार्रवाई को अंजाम दे रहा है।