Ancient Shivling: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक प्राचीन शिवलिंग मिलने की खबर इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। ढीमरखेड़ा जनपद मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर खमतरा मार्ग पर स्थित ग्वाल बाबा सिद्ध स्थान के घने जंगल में प्राकृतिक जल कुंड के पास विशालकाय शिवलिंग मिला है। ग्वाल बाबा मंदिर से लगभग 200 से 250 मीटर की दूरी पर स्थित इस शिवलिंग के दर्शन के लिए पिछले दो-तीन महीनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच इस स्थान को लेकर गहरी आस्था देखने को मिल रही है। चार
महीने के अखंड संकीर्तन के दौरान सामने आया शिवलिंग
भमका पंचायत के अंतर्गत आने वाला ग्वाल बाबा सिद्ध स्थान लंबे समय से क्षेत्र के यादव समाज सहित आसपास के ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। इस स्थान से जुड़ी कई धार्मिक मान्यताएं भी प्रचलित हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ समय पहले तक जंगल के इस हिस्से में शिवलिंग दिखाई नहीं देता था। बताया जाता है कि करीब चार महीने पहले यहां चार महीने तक चलने वाले सीताराम अखंड संकीर्तन का आयोजन किया गया था। इसी धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे कुछ साधु-संतों ने जंगल के भीतर प्राकृतिक जल कुंड के समीप इस विशालकाय शिवलिंग को खोजा। इसके बाद से ही यह स्थान श्रद्धालुओं के बीच चर्चा में आ गया।
बुजुर्गों की पुरानी बात पर ग्रामीणों का विश्वास
इस शिवलिंग के मिलने के बाद ग्रामीणों को अपने बुजुर्गों की कही बातें याद आने लगी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के बड़े-बुजुर्ग अक्सर बताया करते थे कि ग्वाल बाबा के जंगल में कहीं एक प्राचीन शिवलिंग मौजूद है। अब जब जंगल के भीतर शिवलिंग मिला है, तो ग्रामीण इसे उसी पुरानी मान्यता से जोड़कर देख रहे हैं। शिवलिंग मिलने के बाद यहां धार्मिक गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। पिछले दो-तीन महीनों से प्रत्येक शनिवार को श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया जा रहा है। आसपास के गांवों से लोग पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
वन विकास निगम के अधिकारियों को भी नहीं थी जानकारी
घने जंगल के बीच स्थित इस शिवलिंग की जानकारी सामने आने के बाद वन विकास निगम के अधिकारी भी हैरान हैं। ग्वाल बाबा का यह वन क्षेत्र वन विकास निगम की कुंडम परियोजना के अधीन आता है। जानकारी के अनुसार, निगम के मैदानी कर्मचारियों को भी पहले इस शिवलिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बनेगी व्यवस्था
इस संबंध में वन विकास निगम कुंडम परियोजना के संभागीय प्रबंधक मोहित सूद से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि विभागीय स्टाफ की ओर से पहले कभी इस शिवलिंग के बारे में जानकारी नहीं दी गई थी। हालांकि, अब मामला संज्ञान में आने के बाद स्थानीय कर्मचारियों से इसकी पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात भी कही है। फिलहाल, ग्वाल बाबा सिद्ध स्थान का यह शिवलिंग आसपास के ग्रामीणों के लिए विशेष आस्था का केंद्र बन गया है। घने जंगल, प्राकृतिक जल कुंड और शिवलिंग के आसपास बनी धार्मिक मान्यताओं के चलते इस स्थान पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। हालांकि, शिवलिंग की वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की पुष्टि के लिए अभी किसी पुरातात्विक जांच की जानकारी सामने नहीं आई है।












