Road Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवती की जान चली गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद एक और हैरान करने वाला घटनाक्रम सामने आया। टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई, लेकिन चालक को इसका पता नहीं चला और वह कार को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
छुट्टी मनाने चैतुरगढ़ जा रहे थे युवक-युवतियां
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार इलाके के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार की छुट्टी पर घूमने के लिए चैतुरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलपारा के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।
झपकी आने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक को रास्ते में झपकी आ गई थी। इसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।ट्रेलर में फंसी कार को दूर तक घसीटता रहा चालक
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में दुर्घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंसी हुई थी, इसके बावजूद ट्रेलर चालक वाहन को आगे बढ़ाता रहा। इस दौरान कार सड़क पर घिसटती हुई काफी दूर तक चली गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग भी हैरान हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।











