Road Accident: पटना से रायपुर जा रही रॉयल बस हादसे का शिकार, ट्रक चालक की मौके पर मौत
Road Accident: दीपावली की सुबह जशपुर के NH-43 पर रॉयल बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि बस में सवार यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना कुनकुरी के सलियाटोली की है।
Road Accident: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दीपावली की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-43 पर यात्रियों से भरी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौt हो गई, जबकि बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बताया जा रहा है। त्योहार के दिन हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
NH-43 पर सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। रॉयल बस बिहार के पटना से छत्तीसगढ़ की
राजधानी रायपुर जा रही थी। इसी दौरान कुनकुरी क्षेत्र के सलियाटोली के पास बस की सामने से आ रहे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
ट्रक चालक ने मौके पर तोड़ा दम, बस यात्री सुरक्षित
हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार के दिन हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षित यात्रा और सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।