Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। बताया जा रहा है कि जयपुर से शव लेकर गाजीपुर जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। यह दुर्घटना सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावन के पास, एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 53.3 पर हुई। एंबुलेंस राजस्थान की राजधानी जयपुर से शव लेकर गाजीपुर के लिए रवाना हुई थी, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही यह बड़ा हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान हुई
हादसे की खबर मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन राजस्थान और दो पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी की पहचान कर ली है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद शव सौंप दिए जाएंगे।
धुंध और तेज रफ्तार की आशंका
फिलहाल हादसे के असली कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और सुबह की धुंध को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर हालात को सामान्य करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ पाएगी।











