Cyber Fraud: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंदिर हसौद क्षेत्र के कुटेसर निवासी एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के दो बैंक खातों से साइबर ठगों ने करीब 2 लाख 96 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक, उसके मोबाइल फोन में बिना जानकारी के एक संदिग्ध ऐप डाउनलोड हो गया था। इसके बाद बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के खाते में कुछ दिन पहले ही नौकरी के दौरान जमा हुई भविष्य निधि (PF) की 7.36 लाख रुपए से अधिक की रकम आई थी। ठगों ने इसी दौरान अलग-अलग किस्तों में पैसे निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब वह मोबाइल दुकान पर भुगतान करने पहुंचा और PhonePe पर खाते में अपेक्षा से कम बैलेंस दिखाई दिया।
पीएफ की रकम आने के बाद शुरू हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शन
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कुटेसर (चंदखुरी) निवासी अजीत लहरी पहले इंडस टावर लिमिटेड में फील्ड सर्विस इंजीनियर के पद पर काम करते थे। फिलहाल वह इलेक्ट्रिकल दुकान शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। नौकरी के दौरान जमा हुई उनकी PF की 7,36,636 रुपए की राशि 17 अक्टूबर 2026 को HDFC बैंक खाते में आई थी। इसके चार दिन बाद यानी 21 अक्टूबर से खाते में संदिग्ध लेनदेन शुरू हो गए।
तीन दिनों में HDFC खाते से निकले 2.76 लाख
अजीत के मुताबिक, 23 अक्टूबर को जब वह मोबाइल दुकान पर एक हजार रुपए का भुगतान करने पहुंचे, तब PhonePe पर खाते में कम बैलेंस दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने नेट बैंकिंग के जरिए बैंक स्टेटमेंट चेक किया। स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि 21, 22 और 23 अक्टूबर को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके HDFC बैंक खाते से कुल 2,76,800 रुपए निकाल लिए गए हैं। जांच के दौरान मोबाइल में JATV नाम का एक संदिग्ध ऐप भी मिला। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने यह ऐप खुद डाउनलोड नहीं किया था। इसके बावजूद ऐप मोबाइल में इंस्टॉल हो गया और कई बार प्रयास करने के बाद भी उसे हटाया नहीं जा सका।
खाते और कार्ड ब्लॉक कराने के बाद भी SBI से निकले 20 हजार
अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही अजीत ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने HDFC बैंक खाते से जुड़ी बैंकिंग सुविधाएं, ATM, डेबिट कार्ड, UPI और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी पूरी कराई। हालांकि, इसके बावजूद 25 अक्टूबर को उनके SBI खाते से PhonePe के माध्यम से 20 हजार रुपए का एक और ट्रांजेक्शन हो गया। इस तरह HDFC बैंक खाते से 2,76,800 रुपए और SBI खाते से 20,000 रुपए की निकासी हुई। दोनों खातों से कुल 2,96,800 रुपए की रकम चली गई।मोबाइल में अनजान ऐप दिखे तो बरतें सावधानी
यह मामला मोबाइल में मौजूद संदिग्ध ऐप और डिजिटल बैंकिंग सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सतर्क रहने की जरूरत बताता है। किसी अनजान लिंक से APK फाइल डाउनलोड करना, संदिग्ध ऐप को Accessibility या स्क्रीन कंट्रोल जैसी अनुमति देना और अनजान स्रोतों से आए इंस्टॉलेशन अनुरोध स्वीकार करना जोखिम भरा हो सकता है। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत बैंक को सूचना देकर संबंधित खाते और भुगतान सुविधाएं सुरक्षित कराएं। राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।












