Mobile Store Theft: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने मोबाइल स्टोर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मरीन ड्राइव के सामने स्थित आईनेक्स्ट मोबाइल स्टोर का शटर मोड़कर अंदर घुसे अज्ञात चोर करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपए के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में 173 आईफोन के अलावा स्मार्ट वॉच और हेडफोन भी शामिल हैं। वारदात के बाद आरोपी दुकान में लगा DVR भी अपने साथ ले गए।
दुकान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने 1 नवंबर की रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
सुबह मैनेजर ने दी दुकान में चोरी की सूचना
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दुकान संचालक 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे स्टोर बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे दुकान के मैनेजर स्वप्नशील सोनी ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। मैनेजर ने बताया कि दुकान का शटर बीच से मुड़ा हुआ था। हैरानी की बात यह थी कि बाहर लगे दोनों ताले अपनी जगह पर बंद थे। दुकान के अंदर पहुंचने पर अलमारियां और दराज खुली मिलीं। उनमें रखे मोबाइल फोन गायब थे। सूचना मिलने के बाद संचालक मौके पर पहुंचे और सामान की जांच की। इसके बाद पुलिस को घटना की शिकायत दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर रात के समय शटर को बीच से मोड़कर दुकान में दाखिल हुए और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।173 iPhone चोरी, iPhone 17 के 132 नग
FIR में दर्ज चोरी के सामान की सूची के मुताबिक, दुकान से कुल 173 आईफोन गायब हुए हैं। इनमें सबसे अधिक आईफोन 17 के 132 नग शामिल हैं। इसके अलावा अन्य आईफोन मॉडल, स्मार्ट वॉच, हेडफोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी चोरी हुए हैं। शिकायत में चोरी गए सामान की कुल कीमत 1,88,97,942 रुपए बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान का DVR भी ले गए, जिससे जांच में पुलिस को कुछ तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस चोरी के तरीके और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।






