Electric Shock: राजस्थान के झुंझुनू जिले के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जनसहयोग से चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर उस समय करंट की चपेट में आ गए, जब कंक्रीट तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
मौके पर 5 मजदूरों की मौत, अस्पताल में 3 ने तोड़ा दम
हादसा इतना गंभीर था कि पांच मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, करंट से झुलसे अन्य मजदूरों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, ज हां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कुल आठ मजदूरों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे को बेहद दुखद बताते हुए करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु पर संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे के कारणों की गहन जांच करने को भी कहा है।अशोक गहलोत ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताते हुए निर्माण कार्य के दौरान हुई संभावित लापरवाही की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा संबंधी चूक कैसे हुई और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। गहलोत ने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा देने और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।






