High-voltage drama: छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक शराब के नशे में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर पर चढ़ने के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक काफी ऊंचाई पर दिखाई दे रहा है।
यह पूरा मामला करतला थाना क्षेत्र के नोन्दरहा बरकोंना गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी देव सिंह राठिया शराब के नशे में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया था। देव सिंह दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है। वह काफी देर तक टॉवर के ऊपर कभी इधर तो कभी उधर जाता रहा, जिससे नीचे मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई।
पत्नी और बच्चों ने लगाई नीचे उतरने की गुहार
युवक के टॉवर पर चढ़ने के बाद उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। परिजनों ने घंटों तक उससे नीचे आने की अपील की, लेकिन युवक उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान परिवार और गांव वालों की सांसें अटकी रहीं।
सात घंटे की समझाइश के बाद सुरक्षित उतरा युवक
पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब सात घंटे तक युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाया। काफी प्रयास और समझाइश के बाद आखिरकार देव सिंह राठिया सुरक्षित रूप से टॉवर से नीचे उतर आया। युवक के नीचे आने के बाद परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस ने राहत की सांस ली।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना मिलने पर करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, युवक किस वजह से टॉवर पर चढ़ा था और घटना के पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

