रायपुर के शंकर नगर इलाके में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक सड़क किनारे लगे करीब 35 फीट ऊंचे विज्ञापन होर्डिंग पर चढ़ गई। युवती काफी देर तक ऊंचाई पर बैठी रही, जिससे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 40 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
नीचे बिछाई सुरक्षा जाली
रेस्क्यू के दौरान किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम ने होर्डिंग के नीचे सुरक्षा जाली बिछाई। वहीं युवती तक पहुंचने के लिए लंबी सीढ़ी का सहारा लिया गया। पुलिसकर्मी लगातार युवती से बातचीत करते रहे और उसे शांत रहने के लिए समझाते रहे।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवती अचानक होर्डिंग पर चढ़ गई थी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से नीचे उतारी गई युवती
करीब 40 मिनट की मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती मानसिक रूप से अस्थिर नजर आ रही थी। हालांकि पूछताछ में उसने किसी भी तरह के विवाद या परेशानी से इनकार किया है।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि युवती आखिर किस वजह से होर्डिंग पर चढ़ी और उसके पीछे क्या कारण था। घटना के दौरान इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और हाईवोल्टेज ड्रामे को देखने वालों का जमावड़ा लगा रहा।
