Coal Theft Case: रायगढ़ जिले में कोयला परिवहन के दौरान हेराफेरी का मामला सामने आया है, जामपाली कोयला खदान से अकलतरा प्लांट के लिए रवाना किया गया 24.620 मीट्रिक टन कोयला रास्ते से ही गायब कर दिया गया। ट्रक चालक ने कोयला प्लांट तक पहुंचाने के बजाय उसे अलग-अलग ईंट भट्ठा संचालकों को बेच दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी चालक को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय ने 8 मई को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि ढिमरापुर स्थित राज ट्रांसपोर्ट के माध्यम से कोयला परिवहन का काम किया जाता है। जनवरी में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट, अकलतरा (जिला जांजगीर-चांपा) तक कोयला पहुंचाने की जिम्मेदारी तय की गई थी।
24 टन कोयला लेकर ट्रक चालक फरार
इस काम के लिए बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरथा निवासी ट्रक चालक लल्लन कुमार प्रसाद (57) से 700 रुपए प्रति टन की दर से परिवहन का समझौता हुआ था। तय व्यवस्था के अनुसार, एक दिन शाम को ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया। लेकिन अगले दिन तक ट्रक प्लांट नहीं पहुंचा। जब ट्रक चालक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने शुरुआत में फोन नहीं उठाया। करीब 10 दिन बाद उसने फोन रिसीव किया और कोयला दूसरी जगह बेच देने की बात स्वीकार की। साथ ही शिकायतकर्ता को जो करना है, कर लेने की धमकी भी दी।
करीब डेढ़ लाख रुपए का कोयला बेचकर फरार हुआ चालक
शिकायत के अनुसार, आरोपी चालक ने करीब 1.50 लाख रुपए कीमत का कोयला बेचकर अमानत में खयानत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 316(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की। इसी दौरान उसके बिहार के रोहतास जिले में होने की जानकारी मिली।बिहार में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर घरघोड़ा पुलिस की एक टीम बिहार भेजी गई। टीम ने रोहतास जिले में उसके गांव के आसपास घेराबंदी कर लल्लन कुमार प्रसाद को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विक्रमगंज स्थित अपर अनुमंडल मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, प्रथम श्रेणी के न्यायालय में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे रायगढ़ लेकर पहुंची।
ईंट भट्ठों में खपाया कोयला, 10 लाख का ट्रक जब्त
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कोयले को एक साथ बेचने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वाले लोगों को बेचा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत का ट्रक भी जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।आर्थिक अपराध करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: SSP
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध करने के बाद दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों को भी तलाश कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।







