Parvesh Verma Viral Video: दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री एक युवक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है और घटना को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं।
तिलक नगर में सड़क निर्माण को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दिल्ली के तिलक नगर इलाके की बताई जा रही है। मंत्री प्रवेश वर्मा यहां सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय विधायक जरनैल सिंह भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। विधायक ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और इस्तेमाल किए जा रहे मानकों को लेकर सवाल उठाए। निरीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बीच विकास कार्यों को लेकर बहस शुरू हो गई।
बताया गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने सड़क की परत उठाकर उसकी स्थिति मंत्री को दिखाई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों और नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान एक युवक पूरी घटना का वीडियो बना रहा था।
AAP ने वीडियो शेयर कर लगाए आरोप
आम आदमी पार्टी ने वायरल वीडियो को लेकर बीजेपी सरकार और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा। पार्टी का आरोप है कि सड़क निर्माण से जुड़े सवालों के बीच मंत्री ने युवक को थप्पड़ मार दिया। AAP की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दावा किया गया कि स्थानीय लोग सड़क निर्माण को लेकर सवाल उठा रहे थे, इसी दौरान यह घटना हुई।
घटना के बाद पुलिस शिकायत की तैयारी
वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही। वहीं, वायरल वीडियो में थप्पड़ मारने के बाद युवक और मंत्री के बीच प्रतिक्रिया होती दिखाई दे रही है, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को अलग कर दिया।
फिलहाल इस मामले में मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
