Cyber Fraud: अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ के कांकेर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक आशाराम नेताम का आधिकारिक WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हैकर्स उनके नंबर का इस्तेमाल कर क्षेत्र के लोगों, समर्थकों और परिचितों को मैसेज भेज रहे हैं और उनसे पैसों की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने वीडियो जारी कर दी जानकारी
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक आशाराम नेताम ने वीडियो जारी कर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक WhatsApp नंबर हैक कर लिया गया है। इस नंबर से लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांगे जा रहे हैं। विधायक ने समर्थकों और क्षेत्र की जनता से अपील की है कि उनके WhatsApp नंबर से आने वाले किसी भी पैसे की मांग वाले मैसेज पर भरोसा न करें। साथ ही स्पष्ट किया है कि इस नंबर पर किसी भी तरह का वित्तीय लेन-देन न करें।
पुलिस में शिकायत, साइबर सेल ने शुरू की जांच
घटना को लेकर विधायक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में FIR दर्ज होने के बाद साइबर सेल ने जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद लोगों के लिए सतर्क रहना जरूरी है। किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नाम से WhatsApp पर पैसे मांगने का मैसेज आए तो बिना पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करें। पहले संबंधित व्यक्ति से किसी दूसरे माध्यम से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि जरूर करें।











