Car Assault Case: बिलासपुर के सरकंडा इलाके में पुराने विवाद को लेकर मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के पुराने साथियों ने छात्र को मिलने के बहाने घर से बुलाया और फिर कार में बैठाकर कोनी क्षेत्र ले गए। वहां करीब एक घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी उसे नूतन चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल छात्र किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद उसने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
छुट्टियों में घर आया था मेडिकल छात्र
सरकंडा के नूतन चौक के पास रहने वाले अरिहंत दीक्षित जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में चौथे सेमेस्टर के छात्र हैं। उन्होंने वसंत विहार स्थित डीएवी स्कूल से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की है। दिवाली की छुट्टियों में वह बिलासपुर स्थित अपने घर आए हुए थे। मंगलवार शाम उनके मोबाइल पर स्कूल के पुराने साथियों का फोन आया। उन्होंने अरिहंत को मिलने के लिए नूतन चौक के पास बुलाया। साथियों के बुलाने पर अरिहंत अपनी स्कूटी से वहां पहुंचे। कुछ देर बाद उनके पुराने साथी कार से आए और उन्हें अपने साथ बैठा लिया।
कोनी ले जाकर कार में की मारपीट
आरोप है कि कार में बैठाने के बाद युवक अरिहंत को कोनी क्षेत्र की ओर ले गए। वहां स्कूल के दिनों के पुराने विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने करीब एक घंटे तक कार के भीतर ही उन्हें पीटा। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया गया था। मारपीट के बाद आरोपी उन्हें नूतन चौक के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में अरिहंत किसी तरह अपने घर पहुंचे। उनकी हालत देखकर परिजनों ने घटना की जानकारी ली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने रीतिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और अन्य के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सरकंडा थाना प्रभारी नरेश चौहान के मुताबिक, छात्र के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आ सकेगी।टोपी खींचने की शिकायत से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में स्कूल के समय का एक पुराना विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि पढ़ाई के दौरान कुछ सहपाठियों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी। इस पर उन्होंने शिक्षक से शिकायत की थी। शिक्षक ने टोपी खींचने वाले छात्रों को फटकार लगाई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इसी बात को लेकर पुराने साथियों के मन में नाराजगी थी। आरोप है कि कई साल बाद इसी विवाद का बदला लेने के लिए उन्होंने अरिहंत को बुलाकर मारपीट की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












