Chhattisgarh News: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर सड़क निर्माण को लेकर शुक्रवार को लोगों का आक्रोश देखने को मिला। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं, उड़ती धूल और नाली की खराब गुणवत्ता से नाराज नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
निर्माण कार्य में खामियों को लेकर नाराजगी
जानकारी के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान एलाइनमेंट का ध्यान नहीं रखे जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में उपाध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान उड़ने वाली धूल से आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा, नाली निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। लोगों ने बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम पूरा नहीं होने पर भी नाराजगी जताई।
मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन, बातचीत जारी
मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन, बातचीत जारी चक्काजाम कर रहे लोगों ने सड़क निर्माण में सामने आ रही समस्याओं को दूर करने और धूल से राहत दिलाने की मांग की है। प्रदर्शन के कारण NH-343 पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई, जिससे दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच मांगों को लेकर बातचीत जारी है। लोगों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।






