घर में मिला शिक्षिका का शव, सड़क किनारे मिला बेटे
मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर 18 वर्षीय सुजल बरेठ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। वहीं, उसकी मां रजनी बरेठ का शव केशवनगर स्थित उनके घर में बरामद हुआ था। मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया।
19 लाख रुपये के लोन की जानकारी के बाद बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रवेश कुमार ऑटो पार्ट्स का कारोबार करता है। पूछताछ में उसने बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। आरोपी की पत्नी और मृतका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं। इसी दौरान आरोपी को जानकारी मिली कि रजनी ने 19 लाख रुपये का लोन लिया है। पुलिस के मुताबिक, इसी रकम को हासिल करने के इरादे से आरोपी रजनी के घर पहुंचा और उनसे पैसों की मांग करने लगा। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रवेश ने स्टील की बोतल से रजनी के सिर पर हमला किया और बाद में बाथरूम में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या का राज छिपाने के लिए बेटे को बनाया निशाना
रजनी की हत्या के बाद आरोपी को डर था कि उनका बेटा सुजल इस घटना का खुलासा कर सकता है। इसी आशंका में उसने सुजल की भी हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी ने कथित तौर पर सुजल को उसकी मां के अपने घर पर होने की बात कहकर गुमराह किया। इसके बाद वह उसे घुमाने के बहाने कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। रास्ते में उसे खाने-पीने की चीजें दिलाईं और लौटते समय राई जंगल की ओर ले गया। वहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मोबाइल, दस्तावेज और गहने बरामद
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने मृतका का मोबाइल फोन, घर से जुड़े दस्तावेज और गहने अपने ससुराल अंबिकापुर में रख दिए थे। पुलिस ने इन सामानों को बरामद कर लिया है। इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई कार, स्टील की बोतल और सीमेंट के खंभे का टुकड़ा भी जब्त किया गया है।







