Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पंप चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर अनोखे अंदाज में सबक सिखाया। दोनों को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
पंप चोरी कर महज 1000 रुपये में बेचने का आरोप
मामला ग्राम पंचायत आमगांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, गांव में पंप चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण परेशान थे। इसी बीच ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कोट के दो युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों पंप चोरी करने के बाद उन्हें महज 1,000 रुपये में बेच देते थे।
जूतों की माला पहनाकर गांव में निकाला जुलूस
दोनों युवकों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पंप चोरी के आरोपों को लेकर ग्रामीणों की इस कार्रवाई ने इलाके में चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, चोरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की कार्रवाई को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।






