Illegal Liquor: अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम कलमी में पुलिस ने एक घर की बाड़ी में छिपाकर रखी गई 105 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुखबिर ने सूचना दी थी कि ग्राम कलमी निवासी सुशांतो डहरिया (29) अपने घर के पीछे बाड़ी में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध के घर पर दबिश दी।
पुलिस को देख छिपने लगा आरोपी, घर से शराब बरामद
इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने की कोशिश करने लगा। हालांकि, जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सुशांतो डहरिया के रूप में बताई। शुरुआत में शराब रखने के संबंध में वह पुलिस को टालता रहा, लेकिन बाद में घर की बाड़ी में शराब छिपाकर रखने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मौके से हाथ भट्ठी से तैयार की गई 105 लीटर महुआ शराब बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस शराब को बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए था।आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने जब्त शराब के साथ आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











