Mahasamund Illegal Liquor Case: अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 99 लीटर महुआ शराब और 1315 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त
Mahasamund Illegal Liquor Case: महासमुंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 99 लीटर महुआ शराब और 1315 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
प्रकाशित: 30 Sep 2026, 06:36 PM· अपडेट: 30 Sep 2026, 06:42 PM· 3 मिनट पढ़ने का समय
महासमुंद
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Mahasamund Illegal Liquor Case: कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 99 लीटर अवैध महुआ शराब एवं 1315 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है।
37 लीटर महुआ शराब और 915 किलो लाहन जब्त
आबकारी वृत्त बसना क्षेत्र में ग्राम सुखापाली में कार्रवाई के दौरान टिके बाई रत्नाकर के कब्जे से चढ़ी भट्ठी में तैयार 07 लीटर महुआ शराब एवं 15 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इसी प्रकार ग्राम खुसरूपाली, थाना बसना में मोहपाल कोसरिया के मकान की तलाशी के दौरान प्लास्टिक डिब्बों में रखी 30 लीटर महुआ शराब एवं 900 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
इसी क्रम में ग्राम सलखण्ड के जंगल में संभागीय उड़नदस्ता रायपुर संभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए 45 लीटर महुआ शराब एवं 08 बोरियों में रखा 400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। वहीं आबकारी वृत्त बागबाहरा अंतर्गत ग्राम सरायपाली-सुअरमाल में कमल प्रसाद टण्डन के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब तथा ग्राम बोकरामुड़ा, थाना बागबाहरा में दोलोराम गोड़ के कब्जे से 07 लीटर महुआ शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। उक्त प्रकरणों में 03 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 39, 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर मदिरा एवं महुआ लाहन की जब्ती की कार्रवाई की गई तथा आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। वहीं 01 आरोपी फरार है तथा 01 प्रकरण में आरोपी अज्ञात है, जिसकी तलाश एवं विवेचना की जा रही है।
आबकारी विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में आबकारी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में टोल फ्री नंबर 07723-299317 तथा राज्य स्तर पर टोल फ्री नंबर 14405 स्थापित किया गया है। नागरिक अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन अथवा संग्रहण से संबंधित सूचना इन नंबरों पर दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त मनपसंद एप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।