Korba News: ग्राम दशरथभाठा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर की है।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी निवासी जीवन उरांव ने अपने घर और बाड़ी में बिक्री के लिए महुआ शराब छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान जीवन उरांव के कब्जे से 13 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।
आबकारी टीम से मारपीट, ग्रामीणों को जुटाने की कोशिश
शराब जब्त करने के बाद आबकारी टीम जीवन उरांव को अपने साथ ले जाने की प्रक्रिया कर रही थी। इसी दौरान उसकी पत्नी सरस्वती उरांव और रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी और आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट किए जाने का भी आरोप है। इतना ही नहीं, महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा करने और आबकारी टीम को घेरने की कोशिश भी की।दोनों आरोपी महिलाएं गिरफ्तार
घटना के बाद आबकारी विभाग की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने 3 नवंबर को सरस्वती उरांव (25 वर्ष) और बुन्दकुंवर उरांव (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






