Theft Case: बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में घर से करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में घर के ही सदस्य की भूमिका सामने आई। पुलिस ने निलंबित आरक्षक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। मामला सागरदीप कॉलोनी, उसलापुर का है। यहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं। कुछ समय पहले बिन्दावती किसी काम से रीवा गई थीं।
उस दौरान घर पर उनका बेटा आशीष अकेला था। रीवा से लौटने पर बिन्दावती ने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बेटे पर शक होने के बाद खुला राज
चोरी के बाद बिन्दावती को अपने बेटे आशीष पर शक हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आशीष से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि आशीष ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घर में चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार की थी।
दो दोस्तों के साथ मिलकर बनाई योजना
पुलिस ने मामले में निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा के अलावा सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तीनों से चोरी की वारदात को लेकर जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद करने का दावा किया है।चोरी में इस्तेमाल बुलेट भी जब्त
सकरी थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक भी जब्त कर ली है। बाइक का नंबर CG 10 AZ 5100 बताया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

