NH 53 Accident: महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर ग्राम मेमरा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मेमरा के पास गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने बुजुर्ग की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की मर्ग जांच पूरी करने के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायगढ़ जाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, राजासैवेया (खुर्द) निवासी दयाराम साहू (पिता दरसराम साहू, उम्र 60 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 NY 8965) से रायगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे NH-53 पर ग्राम मेमरा के पास पहुंचे, तभी सामने से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HA 2802) के चालक ने वाहन को लापरवाही और अत्यधिक रफ्तार से चलाते हुए दयाराम की बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दयाराम साहू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए ले जाया जाने लगा। मेकाहारा अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच और मामला दर्ज
मामले की सूचना सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पिथौरा के एम्बुलेंस चालक मिथुन कुमार द्वारा पिथौरा पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 56/2025 धारा 194 (BNSS) के तहत मामला कायम कर जांच में लिया। जांच अधिकारी (सउनि) ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया, जिसमें डॉक्टर द्वारा मौत का कारण आरटीए (सड़क दुर्घटना) बताया गया। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी अमृतलाल ठाकुर और साक्षी हेमंत कुमार साहू के बयानों और मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने पाया कि हादसा दूसरी बाइक चालक की लापरवाही से हुआ था। पिथौरा पुलिस ने आरोपी एचएफ डीलक्स (CG 06 HA 2802) के चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

