Arang Murder Case: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरबिरा में वृद्ध साहू दंपत्ति की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की रायपुर जिला ग्रामीण साहू समाज ने कड़ी निंदा की है। समाज के जिला अध्यक्ष हिरामन साहू ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा करने की मांग की है।
मृतक दंपत्ति की हत्या से समाज में आक्रोश
मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की हत्या की खबर से साहू समाज में गहरा दुख है। रायपुर जिला ग्रामीण साहू समाज के अध्यक्ष हिरामन साहू ने इस घटना को बेहद दुखद और अमानवीय बताते हुए कहा कि इस तरह की वारदात से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि घटना से पूरा समाज स्तब्ध है। समाज दिवंगत दंपत्ति को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।
विशेष टीम गठित कर जांच करने की मांग
हिरामन साहू ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की जाए और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की। समाज के अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए साहू समाज चरणबद्ध आंदोलन करने पर विचार करेगा।अलग-अलग कमरों में मिले दंपत्ति के शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर ग्राम बिरबिरा से सूचना मिलने के बाद आरंग पुलिस मौके पर पहुंची थी। घर की तलाशी के दौरान सदासी राम साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू के शव अलग-अलग कमरों में मिले। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों की हत्या बेरहमी से की गई थी। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
न्याय मिलने तक परिवार के साथ खड़ा रहेगा समाज
रायपुर जिला ग्रामीण साहू समाज ने कहा है कि इस कठिन समय में समाज पीड़ित परिवार के साथ है। समाज की मांग है कि पुलिस मामले की निष्पक्ष और तेज जांच करे, आरोपियों को गिरफ्तार करे और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जाए। फिलहाल, हत्याकांड के कारणों और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
यह भी पढ़ेंArang News: शिक्षक ही निकला शिक्षक का कातिल, 30 लाख के विवाद में साथी को उतारा मौत के घाटरिपोर्ट - मोहनदास मानिकपुरी






