Welfare Scheme: छत्तीसगढ़ के आरंग विकासखंड के ग्राम लखौली में सोमवार को किसान कुटीर के लोकार्पण के साथ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत की गई। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित लखौली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के उपाध्यक्ष अभिनेश कश्यप ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान 13.11 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित किसान कुटीर का विधिवत लोकार्पण किया गया।
किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। किसानों की मेहनत का उचित मूल्य दिलाना, उनकी उपज का सम्मान करना और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही अब राज्य में कुल 3100 केंद्रों के माध्यम से धान का उपार्जन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था की है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल सके।कृषक उन्नति योजना से भी किसानों को लाभ
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि निर्धारित सीमा के अनुरूप धान उत्पादन नहीं होने की स्थिति में भी किसानों के हितों का ध्यान रखा गया है। कृषक उन्नति योजना के तहत समर्थन मूल्य और प्रोत्साहन राशि के अंतर का भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिले और खेती-किसानी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।
सहकारी समितियों को मजबूत बनाने की पहल
मंत्री ने किसान कुटीर के निर्माण को सहकारी समितियों की सुविधाओं में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के निर्माण से किसानों को कृषि संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान और सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों को धान खरीदी शुरू होने पर बधाई दी और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा मंडल आरंग अध्यक्ष देवनाथ साहू, जनपद सदस्य पद्मिनी साहू, कृष्ण कुमार भारद्वाज, सुरेंद्र चंद्राकर, सहकारी समिति लखौली के प्राधिकृत अध्यक्ष धनंजय साहू, शेखर साहू, तोरण साहू, त्रिभुवन यादव, पूनम प्रजापति, कमलेश पुरेना, रामू ध्रुव, गोविंदा धीवर, नवीन बंजारे, लोकेश चंद्राकर, नरेंद्र सेन, हिरेंद्र साहू, लोकनाथ साहू, विनोद सोनवानी, अशोक चंद्राकर, सुरेश साहू और रामनाथ रात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समिति प्रबंधक सुरेंद्र साहू, समिति के कर्मचारी, हमाल, भाजपा कार्यकर्ता, किसान, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।












