दतिया विधानसभा सीट पर उप-चुनाव का संग्राम अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। बीते 30 जुलाई को पड़े वोटों के बाद अब मतों का हिसाब-किताब शुरू हो गया है। सुबह 8 बजे से ही मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती जारी है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल और धड़कनें दोनों बढ़ा दी हैं। काउंटिंग प्रक्रिया के तहत सबसे पहले डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती की जा रही है। इसके ठीक बाद, सुबह लगभग 8:30 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में दर्ज जनमत के पन्ने खुलने शुरू होंगे।
15 राउंड में होगा फैसला, 21 टेबलों पर कड़ा पहरा
21 टेबल तैनात: EVM वोटों की गिनती के लिए कुल 21 टेबलें लगाई गई हैं।
त्रिस्तरीय निगरानी: हर टेबल पर एक सुपरवाइजर, एक गणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद है, जो हर एक वोट पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
15 राउंड का खेल: पूरी मतगणना 15 राउंड में पूरी की जाएगी, जिसके बाद ही हार-जीत की तस्वीर साफ होगी।
प्रत्याशी दलों के लएि LED की व्यवस्थ
सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर राजनीतिक दलों की आशंकाओं को दूर करने के लिए मतगणना स्थल के बाहर बड़े इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस और अन्य प्रत्याशी दलों के प्रतिनिधियों के लिए स्ट्रांग रूम के ठीक बाहर विशाल LED स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके जरिए प्रतिनिधि अंदर चल रही हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर सीधे नजर बनाए हुए हैं। सबकी नजरें अब सुबह 9 बजे के रुझानों पर टिकी हैं, जब दतिया की जनता का शुरुआती मूड सामने आने लगेगा।