किरंदुल में तहसील साहू संघ द्वारा आयोजित कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने एक करोड़ रुपए की लागत से निर्मित भव्य तेलघानी/सामाजिक भवन का लोकार्पण किया और समाज को समर्पित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी ईमानदारी और मेहनत है। उन्होंने कहा कि समाज की इस पहचान को और मजबूत बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि साहू समाज सभी वर्गों के साथ आत्मीय संबंध रखता है और हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। देश-विदेश में समाज के युवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
आदर्शों पर चलने का आह्वान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्त माता कर्मा के बताए मार्ग पर चलकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि साहू समाज का पारंपरिक व्यवसाय तेल उत्पादन रहा है, जिसे पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा तेल निकालने की मशीनों पर 35 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है,
सुविधा के लिए कमरे की घोषणा
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि किरंदुल में साहू समाज के लगभग 300 परिवार निवास करते हैं और समाज सक्रिय रूप से विकास कार्यों में भाग ले रहा है। उन्होंने समाज की मांग पर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक अतिरिक्त कक्ष बनाने की घोषणा भी की, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।सम्मान और सांस्कृतिक
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए लालाराम साहू को “समाज रत्न” सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं माता कर्मा प्रांगण की दीवारों पर कलाकृति बनाने वाले कलाकार कामता राम कोर्राम को भी सम्मान प्रदान किया गया। लोक संस्कृति और भक्ति भाव से जुड़े कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में भगवताचार्य यामिनी देवी साहू, लोक गायिका आरू साहू, पार्षद विनोद साहू, तहसील साहू समाज के संरक्षक ओम साहू सहित प्रदेशभर से आए साहू समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
